मोदी से मिले दक्षेस के स्वास्थ्य मंत्री

नई दिल्ली, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षेस देशों के स्वास्थ्य मंत्रियों ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भेंट की। इन मंत्रियों ने समूचे दक्षेस क्षेत्र को पोलियो मुक्त बनाने के अपने इरादे से भी प्रधानमंत्री को अवगत कराया।

यहां जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, इन मंत्रियों ने नई दिल्ली में आयोजित अपनी बैठक के दौरान जारी विचार-विमर्श से प्रधानमंत्री को अवगत कराया।

बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री ने आधुनिक चिकित्सा विज्ञान एवं स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में अपनाए जा रहे सर्वोत्तम तौर-तरीकों एवं विजन को साझा करने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने इस संबंध में दक्षेस (दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन) देशों में जमीनी स्तर पर किए जा रहे अनुसंधान से जुड़े स्थलों का संयुक्त दौरा करने का भी सुझाव दिया।

बयान के अनुसार, मंत्रियों ने इस बात का जिक्र किया कि दक्षेस क्षेत्र के लोगों के जीवन में बदलाव लाने के लिए बहु-क्षेत्रीय दृष्टिकोण के साथ स्वास्थ्य एवं शिक्षा क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

उन्होंने संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाए जाने का निर्णय लेने के लिए प्रधानमंत्री द्वारा की गई पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि योग दरअसल रोग से बचाव वाले स्वास्थ्य का एक प्रभावी साधन भी साबित हो सकता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493