नई दिल्ली, 8 फरवरी (आईएएनएस)। मुस्लिम धर्म गुरु सैयद अहमद बुखारी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) से लड़ने के नाम पर बेकसूर मुसलमानों का उत्पीड़न नहीं करने का आग्रह किया।
प्रधानमंत्री आवास पर मुलाकात आधे घंटे तक चली। दिल्ली की जामा मस्जिद के शाही इमाम ने प्रधानमंत्री से कहा कि संदिग्ध आतंकियों को पकड़ने के मामले में सुरक्षा एजेंसियों को अधिक पारदर्शिता बरतनी चाहिए।
बुखारी ने आईएएनएस से कहा, “मैंने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि आतंकी गतिविधियों या इस्लामिक स्टेट से संदिग्ध रिश्तों के मामले में लोगों को पकड़े जाने के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि निर्दोष मुस्लिम युवाओं और उनके परिवारों की जिंदगियां न तबाह हो जाएं।”
उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में मुस्लिम युवा आतंकवाद के इल्जाम में जेलों में दिन काट रहे हैं।
बुखारी ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय और जामिया मिलिया इस्लामिया के अल्पसंख्यक दर्जे का मामला भी प्रधानमंत्री के सामने उठाया।
उन्होंने कहा कि इस मामले में सर्वोच्च न्यायालय में सरकार के रुख से मुसलमानों के बीच गहरी चिंता फैली है। उन्होंने कहा, “हमने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि सरकार अपने रुख पर पुनर्विचार करे।”
बुखारी ने कहा, “प्रधानमंत्री ने वादा किया कि वह इन मुद्दों पर गौर करेंगे। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार ऐसा कोई काम नहीं करेगी, जिससे सांप्रदायिक सौहार्द्र पर आंच आती हो।”
dharmpath.com dharmpath