नई दिल्ली, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और उनसे कश्मीर के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
सईद ने मुलाकात के बाद संवाददाताओं को बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राज्य के राजनीतिक हालात के बारे में बताया और हाल ही में आई बाढ़ के बारे में उनसे चर्चा की।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “हमने राज्य के राजनीतिक हालात के बारे में चर्चा की। हमने सुशासन, राज्य में शांति और गठबंधन के एजेंडे पर बातचीत की।”
एक मार्च को राज्य के मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने के बाद से सईद की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से यह पहली मुलाकात थी।
सईद ने गृहमंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात की और उन्हें राज्य की कानून-व्यवस्था के बारे में जानकारी दी। साथ ही राज्य में कश्मीरी पंडितों के लिए मिश्रित बस्तियों पर भी चर्चा की।
dharmpath.com dharmpath