नई दिल्ली, 17 मार्च (आईएएनएस)। देश के पूर्वी पड़ोसी देशों के साथ सड़क संपर्क स्थापित करने के लिए जल्द ही म्यांमार और थाईलैंड के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर होंगे। यह बात गुरुवार को सड़क परिवहन, राजमार्ग और जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी ने कही।
इससे पहले तीन अन्य देशों के साथ भी इस तरह के समझौते पर हस्ताक्षर किए जा चुके हैं।
गडकरी ने यहां इंडिया टुडे सम्मेलन में कहा, “आईएमटी त्रिपक्षीय राजमार्ग परियोजना पर तीन देशों- भारत, म्यांमा और थाईलैंड के बीच हस्ताक्षर किए जाएंगे। समझौता तैयार है। हम 15 दिनों के भीतर इस पर हस्ताक्षर करेंगे।”
मंत्री ने कहा, “सीमा के आर-पार वस्तुओं के आसान परिवहन के लिए सड़क संपर्क पर बांग्लादेश, भारत, भूटान और नेपाल के बीच समझौते पर हस्ताक्षर किए जा चुके हैं।” ये हस्ताक्षर जून 2015 में हुए थे। यह आसियान देशों के साथ सड़क संपर्क स्थापित करने की व्यापक योजना का हिस्सा है।
मंत्री ने बताया, “अब भारत के 25 स्थानों से बांग्लादेश के लिए बस सेवा चलाई जा रही है।”
सड़क परियोजना पर काम में तेजी लाने के बारे में गडकरी ने कहा कि पूर्वी और पश्चिमी प्रिंसिपल एक्सप्रेस हाईवे पर काम चालू हो चुका है। इसके अलावा दिल्ली-पानीपत राजमार्ग का निर्माण 15 हजार करोड़ रुपये के साथ हो रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसकी पूर्णता के लिए 400 दिनों का लक्ष्य रखा है।
उन्होंने यह भी बताया कि 14 लेनों वाला दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस हाईवे अपनी तरह का पहला मार्ग होगा।
मंत्री ने यह भी बताया पूर्वोत्तर क्षेत्र पर भी प्रमुखता से ध्यान दिया जा रहा है और वहां की सड़क परियोजनाओं के लिए एक लाख करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि भारतमाला परियोजना भी समयबद्ध तरीके से जारी है।
dharmpath.com dharmpath