नेपीथा, 15 मार्च (आईएएनएस)। म्यांमार की संसद ने मंगलवार को सत्तारूढ़ नेशनल लीग ऑफ डेमोक्रेसी (एनएलडी) के उम्मीदवार यू हटिन क्याव को नया राष्ट्रपति चुना। क्याव देश में 50 वर्षो से अधिक समय तक सैन्य शासन रहने के बाद देश का नेतृत्व करने वाले पहले असैन्य राष्ट्रपति हैं।
समाचारपत्र ‘द म्यांमार टाइम्स’ के अनुसार, नतीजों की घोषणा के बाद यू हटिन क्याव (69) ने कहा, “आज के नतीजे एनएलडी की नेता आंग सान सू की की जीत हैं।”
यू हटिन क्याव नोबेल पुरस्कार विजेता आंग सान सू की के करीबी हैं।
क्याव को 360 वोटों के साथ राष्ट्रपति चुना गया। वहीं, सेना द्वारा सीधे नामित किए गए यूनियन सॉलिडारिटी एंड डवलपमेंट पार्टी (यूएसडीपी) के उम्मीदवार यू मिंट स्वे को प्रथम उप राष्ट्रपति चुना गया है। उन्हें 213 वोट मिले हैं।
म्यांमार की संसद में कुल सीटों में से 25 फीसदी सीटें यानी 166 सीटें सेना के लिए आरक्षित हैं, जबकि सैन्य समर्थित यूएसडीपी के पास दोनों सदनों में 41 सीटें हैं।
एनएलडी के अन्य उम्मीदवार यू हेनरी वैन हती यू को 79 वोटों के साथ द्वितीय उप राष्ट्रपति चुना गया है।
नई सरकार 30 मार्च को शपथ लेगी और एक अप्रैल से कार्यभार संभालेगी।
यू हटिन क्याव ने आंग सान सू की के साथ दागोन टाउनशिप के बेसिक एजुकेशन हाईस्कूल नंबर-1 से पढ़ाई की है।
सूत्रों के अनुसार, उन्होंने यांगून यूनिवर्सिटी से स्नातक की और उसके बाद अर्थशास्त्र में परास्नातक डिग्री ली।
वह 1971 में यूनिवर्सिटी के कंप्यूटर विभाग की ओर से विदेश भेजे गए पहले शोध छात्र थे। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन इंस्टीट्यूट ऑफ कंप्यूटर साइंस से पढ़ाई की। उस वक्त आंग सान सू की लंदन में रहती थीं।
आंग सान सू की बाद में यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन के स्कूल ऑफ ओरिएंटल एंड अफ्रीकन स्ट्डीज की छात्रा बन गईं, जबकि क्याव म्यांमार लौट आए थे।
आंग सान सू की ने आठ नवंबर, 2015 के आम चुनाव में एनएलडी को जबर्दस्त जीत दिलाई।
‘अल जजीरा’ ने एनएलडी के पूर्व सदस्य जॉ मिन (48) के हवाले से कहा कि सू की ने यू हटिन क्याव को ‘यकीनन यह दिखाने के लिए नामांकित किया कि वह उनके सर्वाधिक विश्वासपात्र हैं।’
जॉ मिन ने कहा, “अगर इस तरह का व्यक्ति देश का नेतृत्व करता है, तो इसका इस देश के लोगों पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।”
dharmpath.com dharmpath