म्यांमार संग मजबूत संबंधों के लिए प्रतिबद्ध : मोदी

नई दिल्ली, 29 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि म्यांमार के साथ संबंधों को पुख्ता करने के लिए भारत प्रतिबद्ध है और उन्होंने दोनों देशों के बीच अधिक से अधिक संपर्क का आह्वान किया।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, मोदी ने म्यांमार रक्षा सेवा के कमांडर इन चीफ सीनियर जनरल मीन आंग लियांग से मुलाकात के दौरान कहा कि म्यांमार आसियान के लिए भारत का प्रवेश द्वार है।

प्रधानमंत्री ने म्यांमार के साथ रक्षा, सुरक्षा सहित सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।

उन्होंने कहा कि एक मजबूत तथा खुशहाल म्यांमार भारत के हित में है और राष्ट्रीय विकास के म्यांमार के प्रयासों में वह समर्थन देता रहेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वह अपने पड़ोसी देश की जनता की अपने देश को बहुदलीय लोकतंत्र में बदलने की इच्छा का सम्मान करते हैं और म्यांमार में शांतिपूर्ण, स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव की कामना करते हैं।

म्यांमार के जनरल ने म्यांमार के विकास में एक भरोसेमंद साझेदार के रूप में भारत की भूमिका की प्रशंसा की और भारत के साथ सबंधों को महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने भारत के साथ समुद्री सुरक्षा सहित रक्षा व सुरक्षा संबंधों को और गहरा बनाने की म्यांमार की प्रतिबद्धता दोहराई।

उन्होंने राष्ट्रपति यू थेन सेन की ओर से मोदी को म्यांमार आने का निमंत्रण दिया।

मोदी ने कहा कि वह यथासंभव जल्द से जल्द म्यांमार जाने को उत्सुक हैं। उन्होंने म्यांमार के राष्ट्रपति को भी यथाशीघ्र भारत आने का न्योता दिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493