यूक्रेन में विद्रोहियों व सुरक्षा बलों के बीच संघर्ष, 14 मरे

कीव, 20 जनवरी (आईएएनएस)। पूर्वी यूक्रेन के सरकारी सुरक्षा बलों तथा विद्रोहियों के बीच संघर्ष में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक घायल हो गए।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, सेना के प्रवक्ता एंद्री लिसेंको ने बताया कि विद्रोहियों के साथ संघर्ष में यूक्रेन के तीन जवानों की जान चली गई, जबकि 66 घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि सरकारी सुरक्षा बलों की चौकियों पर विद्रोहियों के हमले बढ़ गए हैं। विद्रोहियों ने पिछले 24 घंटों के दौरान सरकारी सुरक्षा बलों पर 99 बार गोलीबारी की।

वहीं, विद्रोहियों के कमांडर एडुआर्ड बसुरिन ने कहा कि रविवार को हुए संघर्ष में उसके आठ लड़ाके मारे गए, जबकि 33 घायल हुए हैं।

वहीं, दोनेत्स्क में यूक्रेन के आंतरिक मामलों के क्षेत्रीय विभाग की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि देबाल्तसेवो शहर में रातभर हुई गोलाबारी की वजह से 12 साल के एक बच्चे सहित तीन आम नागरिकों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए।

संघर्ष में हताहतों की बढ़ती संख्या के बीच दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मिंस्क समझौते के उल्लंघन का आरोप लगाया है, जो नौ महीने तक चले संघर्ष पर विराम लगाने के उद्देश्य से किया गया था। नौ माह तक चले संघर्ष में पहले ही 4,800 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।

इंडो-एश्यिन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493