योगी ने एप्पल अधिकारी की विधवा को सभी मदद का वादा किया

लखनऊ, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को एप्पल के कार्यकारी विवेक तिवारी की विधवा कल्पना तिवारी को सभी प्रकार की मदद देने का वादा किया।

विवेक को एक कांस्टेबल ने शनिवार को गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौत हो गई थी। सिपाही ने कथित रूप से उनसे रुकने के लिए कहा था लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया, जिसके बाद सिपाही ने गोली चला दी।

परिजनों से मुलाकात में मुख्यमंत्री ने शोकसंतप्त परिवार को सभी प्रकार की मदद का वादा किया और कहा कि हर कीमत पर न्याय होगा।

उन्होंने परिवार को यह भी बताया कि गोली मारने वाले कांस्टेबल प्रशांत चौधरी का आचरण अस्वीकार्य है और उसे बर्खास्त कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि बैठक गमगीन माहौल में हुई, जिसमें परेशान विधवा कई बार रो पड़ीं और जोर दिया कि अपने पति की गैर मौजूदगी में वह कैसे अपनी बेटियों का भरण पोषण करेंगी।

उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा कल्पना तिवारी और उनकी बेटियों शानू व शिवी को लेकर पहुंचे थे। कल्पना के साथ उनका भाई विष्णु तिवारी भी थे।

मुख्यमंत्री ने विवेक तिवारी की दोनों बेटियों से भी बातचीत की।

आदित्यनाथ पहले ही परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा कर चुके हैं। साथ ही उन्होंने कल्पना तिवारी को लखनऊ नगर निगम में सरकारी नौकरी देने की भी घोषणा की थी।

सोमवार को एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसने आरोपी दोनों पुलिसकर्मियों के दावे की धज्जियां उड़ा दी हैं। पुलिसकर्मियों ने दावा किया था कि उन्होंने 38 वर्षीय विवेक पर तब गोली चलाई जब उन्होंने गाड़ी रोकने से मना कर दिया और तेज रफ्तार से गाड़ी भगाते हुए उन्हें कुचलने का प्रयास किया।

सरकार के आदेश पर जांच कर रहे एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि फुटेज में एसयूवी सामान्य गति से चलती हुई दिखाई दे रही है और जहां व्यक्ति को गोली मारी गई वहां से करीब 500 मीटर की दूरी तक गाड़ी लड़खड़ाती हुई गई और अंडर पास के एक खंभे से जा टकराई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493