जनता दरबार के दौरान दूर-दराज से आए लोगों ने योगी आदित्यनाथ से मिलकर उन्हें अपना शिकायती पत्र सौंपा। इसमें अधिकांश प्रार्थना पत्र आर्थिक सहायता, कृषि पट्टे, विद्युत आपूर्ति, आवास आवंटन, पेयजल, अवैध कब्जे, पेंशन, राजस्व, भू-अभिलेखों में अनियमितता, शादी अनुदान, नौकरी तथा निजी इलाज आदि से सबंधित थे।
शाहजहांपुर से आए अशोक कुमार ने मैनपुरी में अपने दो भाइयों की हत्या के बारे में बताया। रायबरेली की कंचन शर्मा ने बताया कि उनके साथ छेड़खानी की जा रही है और जबरदस्ती शादी का दबाव बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने दोनों प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसी तरह बहराइच से आए मोहम्मद तिरयाक ने अपनी दुकान गिराए जाने के संबंध में जानकारी दी। वहीं गोरखपुर के भगवत यादव ने हृदय रोग उपचार के लिए आर्थिक सहायता दिए जाने का अनुरोध किया। अंबेडकरनगर के रोहित कुमार ने विकलांगता से निपटने के लिए कैलिपर्स की आवश्यकता जताई।
इसी प्रकार अन्य लोगों ने भी मुख्यमंत्री को अपनी समस्याओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने सभी प्रकरणों को ध्यानपूर्वक सुना और इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
dharmpath.com dharmpath