नई दिल्ली, 23 दिसम्बर (आईएएनएस)। गुड़गांव में विश्वस्तरीय भारतीय राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए राजस्व से जुड़े सभी विषयों के समाधान के बाद भूमि पूजन समारोह के साथ अवसंरचना विकास कार्य प्रारंभ हो गया है।
यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, एयर मार्शल ए.एस. भोंसले ने यहां ग्रामवासियों के साथ बातचीत में कहा कि यह मानेसर तहसील और विशेषकर बिनोला तथा बिलासपुर गांव के लिए गौरव की बात है कि उनके क्षेत्र में प्रतिष्ठित विश्वस्तरीय संस्थान होगा।
उन्होंने कहा, “इससे आसपास के क्षेत्रों का तेजी से विकास होगा और युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।”
एकीकृत डिफेंस स्टाफ के एयर मार्शल ए.एस. भोंसले समारोह के मुख्य अतिथि थे।
उन्होंने चार दीवारी, घेरा रेखा वाली सड़क, सुरक्षाकर्मी कक्ष तथा निगरानी टॉवर के निर्माण के लिए पहली ईंट रखी।
समारोह में रक्षा मंत्रालय, भारतीय राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय निदेशालय, दिल्ली जोन के प्रमुख अभियंता, गुड़गांव के राजस्व विभाग तथा पुलिस के अधिकारी और बिनोला तथा बिलासपुर गांव के लोग शामिल हुए।
रक्षा मंत्रालय ने गुड़गांव में विश्वस्तरीय भारतीय राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए सितंबर 2012 में 205 एकड़ तथा 15 मरला भूमि का अधिग्रहण किया था। इसकी आधारशिला मई 2013 में रखी गई थी।
लेकिन बिनोला तथा बिलासपुर गांव के लोग अपने खेतों से राष्ट्रीय राजमार्ग-8 तक पहुंच चाहते थे, इसलिए रक्षा मंत्रालय ने ग्रामवासियों के इस्तेमाल के लिए इस वर्ष अगस्त में दो एकड़ तीन कनाल साढ़े नौ मरला जमीन हरियाणा सरकार को हस्तांरित किया।
dharmpath.com dharmpath