रणजी ट्रॉफी : गंभीर, सहवाग ने महाराष्ट्र को दिया करारा जवाब

पुणे, 22 जनवरी (आईएएनएस)। कप्तान गौतम गंभीर (नाबाद 93) और धुरंधर बल्लेबाज विरेंद्र सहवाग (66) की बेहतरीन पारियों की बदौलत दिल्ली ने गुरुवार को महाराष्ट्र क्रिकेट संघ स्टेडियम में चल रहे रणजी ट्रॉफी ग्रुप-बी के मुकाबले में दूसरे दिन महाराष्ट्र की पहली पारी में 330 रनों का ठोस जवाब देते हुए चार विकेट पर 240 रन बना लिए हैं।

उन्मुक्त चंद (1) और मनन शर्मा (18) के विकेट जल्द गिरने के बाद गंभीर और सहवाग ने तीसरे विकेट के लिए 102 रनों की साझेदारी कर टीम को संभाल लिया।

सहवाग 143 के कुल योग पर पवेलियन लौटे। मिथुन मन्हास (6) भी हालांकि ज्यादा देर नहीं टिक सके और सहवाग के पीछे-पीछे पवेलियन लौट गए।

गंभीर ने इसके बाद रजत भाटिया (नाबाद 43) के साथ पांचवें विकेट के लिए 91 रनों की नाबाद साझेदारी कर टीम को स्थिरता प्रदान की। गंभीर अपनी संयमभरी पारी में 217 गेंदों का सामना कर चुके हैं और सात चौके और एक छक्का भी लगा चुके हैं।

इससे पहले छह विकेट पर 312 रन के बेहतरीन स्कोर से आगे खेलने उतरी महाराष्ट्र की पारी गुरुवार को सिर्फ 49 गेंद और आगे जा सकी। चिराग खुराना (55) अपने पहले दिन के स्कोर में एक रन का भी इजाफा नहीं कर सके और दिन की नौवीं गेंद पर पिछले दिन के स्कोर पर ही पवेलियन लौट गए।

इसके बाद महाराष्ट्र के शेष तीन विकेट 18 रन जोड़ने में पवेलियन लौट गए।

दिल्ली के लिए सुमीत नरवाल ने तीन विकेट चटकाए।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493