नई दिल्ली, 10 मार्च (आईएएनएस)। फिल्म निर्माता-निर्देशक रमेश सिप्पी जल्द ही अपनी रमेश सिप्पी सिनेमा अकादमी के जरिए सिनेमा संबंधित ज्ञान प्रदान करेंगे।
लोकप्रिय फिल्म ‘शोले’ के निर्देशक रमेश सिप्पी का कहना है कि इसके जरिए वह फिल्म जगत के भविष्य निर्माण में अपना योगदान देंगे।
गरवारे संस्थान के साथ जुड़कर सिप्पी ने मुंबई विश्वविद्यालय में एक स्नातक कार्यक्रम प्रस्तुत किया है।
रमेश सिप्पी सिनेमा अकादमी (आरएसएसीई) की मुंबई विश्वविद्यालय के साथ साझेदारी है, जहां छात्रों को फिल्म निर्माण और मनोरंजन जगत में विभिन्न क्षेत्रों के लिए स्नातक की डिग्री मिलेगी।
सिप्पी ने मुंबई से फोन पर आईएएनएस से कहा, “यह बताना मुश्किल है कि इसकी शुरुआत कहां से हुई। मैं हमेशा से इस प्रकार का कोई काम करना चाहता था। आपको इस इंटस्ट्री से ऐसा कुछ मिलता है जो हमेशा कायम रहता है। मैं अपनी ओर से फिल्म जगत के भविष्य में एक योगदान दे रहा हूं।”
ये स्नातक कार्यक्रम पांच विभिन्न क्षेत्रों ‘बी.ए इन फिल्म आर्ट (3 साल)’ , ‘बी.एससी. इन फिल्म एंड टेक्नोलॉजी (3 साल)’, ‘बी.एससी. इन स्क्रीन राइटिंग (3 साल)’, ‘बी.एससी. इन एनिमेशन (3 साल)’और ‘बी.एससी. इन वीएफएक्स (3 साल)’ हैं।
सिप्पी ने कहा कि यह एक ऐसा स्थान है, जहां योग्य छात्रों को ही स्नातक की डिग्री दी जाएगी।
इस अकादमी की फैकल्टी के बारे में 70 वर्षीय निर्देशक सिप्पी ने कहा कि अभिनेता कमल हासन पहले से ही इसमें शामिल हैं।
सिप्पी ने कहा कि इस अकादमी से जुड़े अन्य नामों की घोषणा जल्द ही की जाएगी।
dharmpath.com dharmpath