रांची, 29 सितम्बर (आईएएनएस)। झारखंड की राजधानी रांची में चार दिन पहले एक मंदिर में मिले गोमांस के बाद हुए सांप्रदायिक संघर्ष को लेकर मंगलवार को भी तनाव की स्थिति बनी हुई है। इसके चलते प्रशासन ने चौकसी बढ़ा दी है और स्कूल बंद कर दिए हैं।
पुलिस ने बताया कि सोमवार आधी रात के आसपास धारदार हथियारों से लैस एक समुदाय के सदस्यों ने अन्य समुदाय के लोगों पर हमला किया और डोरंडा स्थित घरों को जला दिया। यहां अधिकारियों ने निषेधाज्ञा लागू कर दी।
इलाके में आधी रात के बाद से सुरक्षा कर्मियों को तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है और अतिरिक्त लोगों को गिरफ्तार किया जा सकता है। इलाके की अधिकांश दुकानें बंद हैं।
तनाव शुक्रवार रात से शुरू हुआ, जब मंदिर में गोमांस मिला।
राज्य सरकार ने स्थानीय समाचार पत्र में एक विज्ञापन जारी कर लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है।
कांग्रेस ने इस घटना की न्यायिक जांच की मांग की है।
झारखंड की कांग्रेस इकाई के महासचिव आलोक दुबे ने आईएएनएस से कहा, “अगर प्रशासन और पुलिस सतर्क है, तो धर्मस्थल और अन्य स्थानों पर प्रतिबंधित मांस कैसे मिल सकता है।”
dharmpath.com dharmpath