शशांक मनोहर का 4 अक्टूबर को चुने जाएंगे अगले बीसीसीआई अध्यक्ष (लीड-2)

नई दिल्ली, 29 सितम्बर (आईएएनएस)। दिग्गज खेल प्रशासक और विदर्भ के कद्दावर वकील शशांक मनोहर का भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) का अगला अध्यक्ष बनना तय हो गया है।

बीसीसीआई के मौजूदा सचिव अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की। ठाकुर ने कहा कि अध्यक्ष के चयन के लिए बोर्ड ने चार अक्टूबर को विशेष आम बैठक (एसजीएम) बुलाई है और शशांक मनोहर अध्यक्ष पद के अकेले उम्मीदवार होंगे।

ठाकुर ने भारत-ए और दक्षिण अफ्रीका टीम के बीच पालम एअरफोर्स मैदान पर जारी टी-20 अभ्यास मैच के दौरान संवाददाताओं से कहा, “चार अक्टूबर को मुम्बई में बीसीसीआई की एसजीएम की बैठक होगी। उसी बैठक में अध्यक्ष का चयन किया जाएगा। शशांक मनोहर इस पद पर अकेले उम्मीदवार होंगे।”

पूर्व अध्यक्ष और आईसीसी के चेयरमैन एन. श्रीनिवासन मुम्बई में होने वाली एजीएम में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। ठाकुर ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने श्रीनिवासन को वर्किं ग कमिटि की बैठक में हिस्सा लेने की इजाजत दी थी।

एसजीएम में उन्हें हिस्सा लेने की अनुमति नहीं है। इस सम्बंध में सर्वोच्च न्यायालय पांच अक्टूबर को उनकी याचिका पर सुनवाई करेगा। ठाकुर ने कहा, “हमने सर्वसम्मति से शशांक मनोहर को उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है। श्रीनिवासन एसजीएम में मतदान कर सकते हैं लेकिन वह इसमें हिस्सा नहीं ले सकते।”

ठाकुर और पूर्व अघ्यक्ष शरद पवार गुट ने मरहूम जगमोहन डालमिया का स्थान लेने के लिए शशांक के नाम पर सहमति जताई है। यह गुट 29 में से कम से कम 20 सीटों पर सफल दावा पेश करता है। ऐसे में श्रीनिवासन के लिए अपना उम्मीदवार उतराने का कोई मतलब नहीं रह जाता।

20 सितम्बर को डालमिया का निधन हो गया था। वह 75 साल के थे।

ईमानदार छवि वाले विदर्भ के वकील शशांक मनोहर इससे पहले 2008 से 2011 तक बीसीसीआई प्रमुख रह चुके हैं। बाद में एन. श्रीनिवासन ने उनका स्थान लिया था।

शशांक मनोहर को उनकी साफ छवि के लिए जाना जाता है। वह क्रिकेट में भ्रष्टाचार को लेकर बिल्कुल कड़ा रुख रखते हैं और कई मौकों पर उन्होंने श्रीनिवासन की भी आलोचना की थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493