राखी तक महिलाओं की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करें : मोदी (लीड-1)

नई दिल्ली, 28 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को भारतीय पुरुषों से कहा कि वे रक्षा बंधन तक एक लक्ष्य निर्धारित करते हुए सरकार की तरफ से जारी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत महिलाओं को बीमा योजना का तोहफा दें।

मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में कहा, “अगस्त में रक्षा बंधन को देखते हुए, हम महिलाओं की सामाजिक सुरक्षा का अभियान शुरू करें। अपने आसपास की महिलाओं की मदद के बारे में सोचें, चाहे कोई महिला किसी के घर साफ-सफाई का काम कर रही हो या हमारे क्षेत्र में हो या फिर वह हमारी खुद की बहन हो, हम यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि उन्हें सामाजिक सुरक्षा योजना का लाभ मिल सके।”

उन्होंने कहा, “हमें एक निश्चित लक्ष्य तय करना चाहिए, ताकि दो करोड़, पांच करोड़ तथा और अधिक महिलाएं रक्षा बंधन तक लाभान्वित हो सकें। अब तक 10 करोड़ से अधिक लोग हाल ही में जारी सामाजिक सुरक्षा योजना से जुड़ चुके हैं।”

प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) के तहत मृत्यु या अक्षमता से संबंधित दो लाख रुपये का एक साल का बीमा मिलता है, जो धनराशि आंशिक या स्थायी रूप से विकलांग होने पर दी जाती है। इस बीमा योजना का लाभ 18-70 वर्ष उम्र के बैंक खाताधारक उठा पाएंगे, जिसके लिए उन्हें हर साल सिर्फ 12 रुपये प्रीमियम देने पड़ेंगे। इस बीमा योजना का हर साल नवीनीकरण किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त सरकार ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) पेश की है, जिसके जरिए 18-50 वर्ष के खाताधारकों को दो लाख रुपये के जीवन बीमा का लाभ मिलेगा। किसी वजह से मृत्यु होने पर यह धनराशि उपलब्ध होगी तथा प्रीमियम के रूप में हर साल 330 रुपये जमा कराने होंगे।

यह योजना जीवन बीमा निगम (एलआईसी) या अन्य बीमा कंपनियां संचालित करेंगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493