राजनाथ के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल कश्मीर रवाना

नई दिल्ली, 4 सितम्बर (आईएएनएस)। कश्मीर में पिछले करीब दो माह से जारी तनाव व अशांति को दूर कर शांति स्थापित करने के प्रयासों के तहत केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में 28 सदस्यीय सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल रविवार को कश्मीर के लिए रवाना हो गया।

राजनाथ ने ट्वीट कर बताया, “सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के साथ कश्मीर रवाना। हम कश्मीर घाटी में शांति व सामान्य हालात बनाने के इच्छुक सभी व्यक्तियों और समूहों से मिलना चाहते हैं।”

सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल अपने दो दिवसीय कश्मीर दौरे के दौरान विभिन्न स्थानीय नेताओं से मिलेगा। प्रतिनिधिमंडल जमीनी हालात का जायजा लेगा और यहां शांति स्थापित करने के उपाय तलाशेगा।

उधर, कश्मीर में प्रशासन ने सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के पहुंचने से पहले पूरी घाटी से कर्फ्यू व प्रतिबंध हटा लिया है।

मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने अलगावादियों से भी प्रतिनिधिमंडल से मिलने की अपील करते हुए उन्हें पत्र लिखा, पर उन्हें सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

घाटी में पिछले 58 दिन से जारी तनाव, हिंसा व बंद के मद्देनजर कर्फ्यू व प्रतिबंध के बीच आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। यहां हिंसा व उपद्रव की शुरुआत आठ जुलाई को हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकवादी बुरहान वानी के सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारे जाने के बाद नौ जुलाई से हुई। हिंसा में अब तक 74 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें 71 नागरिक और तीन स्थानीय पुलिसकर्मी हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493