नई दिल्ली, 24 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को यहां एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर जम्मू एवं कश्मीर पुलिस के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) अमित कुमार के स्वास्थ्य की जानकारी ली। अमित पुलवामा में एक आतंकवाद-रोधी अभियान के दौरान घायल हुए थे।
राजनाथ ने बाद में ट्वीट कर कहा, “उनके जैसे अधिकारी अपने कृत्य से बलों का मनोबल बढ़ाते हैं। मैं उनके साहस और उनकी टीम द्वारा दिखाई गई बहादुरी को सलाम करता हूं।”
अनंतनाग जिले में डीआईजी दक्षिण कश्मीर के रूप में तैनात 2006 बैच के आईपीएस अधिकारी कुमार को एक अभियान के दौरान गोली लगी थी। 18 फरवरी को हुए इस अभियान में तीन आतंकियों को मार गिराया गया था।
dharmpath.com dharmpath