राजस्थान : ओबीसी सार्वजनिक सुनवाई 7 मई को

जयपुर, 1 मई (आईएएनएस)। राजस्थान के जयपुर शहर में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष न्यायाधिपति वी. ईश्वरय्या सहित आयोग के अन्य सदस्यों की उपस्थिति में 7 मई को सुबह 10.30 बजे खासा कोठी में अन्य पिछड़ा वर्ग की केंद्रीय एवं राजस्थान राज्य की सूची में शामिल जातियों की सार्वजनिक सुनवाई की जाएगी।

आयोग की विज्ञप्ति के अनुसार, आयोग के सदस्य एस.के. खरवेन्थन, ए.के.सैनी, डॉ. शकिल-उल-जमान अंसारी एवं ए.के. मगोटरा सुनवाई के दौरान उपस्थित रहेंगे। इस दौरान पिछड़ा वर्ग की केंद्र व राज्य की सूची में शामिल जातियों के नामों में शुद्धिकरण संबंधी शिकायतें सुनी जाएंगी। इसके अलावा जातियों, समुदायों व उपजातियों के समानार्थक शब्दों को शामिल करने के संबंध में भी सुनवाई की जाएगी।

इस सार्वजनिक सुनवाई में केंद्र व राज्य की पिछड़ा वर्ग सूची में अधिक या कम जोड़े गए वर्गो की सुनवाई भी होगी।

केंद्र व राज्य पिछड़ा वर्ग की सूचियों में शामिल जातियों, समुदायों के संघों, संगठनों के प्रतिनिधि अथवा व्यक्तिगत रूप से लोग इस सार्वजनिक सुनवाई कार्यक्रम में उपस्थित हो सकते हैं। इस दौरान अपनी जाति व समुदाय के डाटा भी प्रस्तुत करने होंगे।

बताया गया है कि अन्य कोई संगठन या व्यक्ति भी पिछड़ा वर्ग की केंद्र व राज्य की सूची में शामिल जातियों व समुदायों के बारे में उपस्थित होकर अपना पक्ष रख सकेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493