बालोतरा-राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित देश की पहली ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड रिफाइनरी कम पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स में सोमवार को भीषण आग लग गई। इस रिफाइनरी का आगामी 21 अप्रैल को उद्घाटन करने वाले थे। हालांकि, अब पीएम मोदी का प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। आग क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट के पास लगी थी। जिसके बाद रिफाइनरी परिसर में आपात स्थिति पैदा हो गई थी। हालांकि, राहत की बात यह रही कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। हादसे में किसी भी तरह की जनहानि की सूचना नहीं मिली है। घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। जबकि, उद्घाटन की नई तारीख जल्द घोषित किए जाने की बात कही गई है।
घटना ऐसे समय हुई जब प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर रिफाइनरी में अंतिम चरण की तैयारियां चल रही थी। पूरे परिसर में सुरक्षा एजेंसियों की कड़ी निगरानी थी। दोपहर में अचानक एक यूनिट से धुआं और आग की लपटें उठने लगी थी। रिफाइनरी का इन हाउस फायर सेफ्टी सिस्टम तत्काल सक्रिय किया गया और दमकल वाहनों व हाइड्रेंट सिस्टम की मदद से आग को अन्य यूनिट्स तक फैलने से रोका गया। काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया था।
dharmpath.com dharmpath