जयपुर, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। राज्यपाल एवं कुलाधिपति कल्याण सिंह ने राजस्थान विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित परीक्षाओं के प्रश्न पत्रों का परीक्षा से पूर्व सार्वजनिक होने व संबद्घता प्राप्त निजी महाविद्यालयों के परीक्षा केन्द्रों द्वारा परीक्षा संचालन में बरती जा रही अनियमितताओं को गंभीरता से लिया है।
राज्यपाल सिंह ने ऐसी घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए कुलपति द्वारा परीक्षा केन्द्रों को निरस्त करने की कार्यवाही को नाकाफी मानते हुए कुलपति को पुलिस में आपराधिक धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराने के निर्देश दिए हैं।
राज्यपाल ने गत दिनों में हुए परीक्षाओं की अनियमितताओं के बारे में मीडिया में आ रहे समाचारों के आधार पर कुलपति से गुरुवार को तुरन्त तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी। कुलाधिपति सिंह ने विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में हो रही अनियमितताओं पर गहरी चिंता प्रकट करते हुए कुलपति को इन घटनाओं की पुनरावृत्ति रोके जाने के सम्बन्ध में व्यवस्था सुधार करने, विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े इन कार्यो की पुख्ता व्यवस्था करने और व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिये हैं।
राज्यपाल सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय के परीक्षा संबंधी कार्यो में अनियमितता विश्वविद्यालय व महाविद्यालय से जुड़े प्रशासन की परीक्षा कार्यो के संचालन में ढिलाई व लापरवाही को प्रदर्शित कर रहा है। उन्होंने कुलपति को लापरवाही करने वाले कर्मियों पर तुरन्त सख्त कार्यवाही करने के भी निर्देश दिये हैं।
dharmpath.com dharmpath