राजस्थान में कांग्रेस सरकार बनाएगी : गहलोत, सचिन पायलट

जयपुर, 11 दिसम्बर (आईएएनएस)। राजस्थान में कांग्रेस पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री पद के दोनों दावेदारों अशोक गहलोत और सचिन पायलट ने मंगलवार को विश्वास जताया कि उनकी पार्टी राज्य में सरकार बनाएगी।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नए मुख्यमंत्री का फैसला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा लिया जाएगा।

अशोक गहलोत ने यहां मीडिया से कहा, “कांग्रेस निश्चित तौर पर सरकार बनाएगी।”

यह पूछे जाने पर कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? इस पर गहलोत ने कहा कि इसका निर्णय राहुल गांधी करेंगे।

अशोक गहलोत ने कहा, “राजस्थान में एक स्पष्ट परंपरा है। यहां विधायकों की बैठक होगी और उनकी राय ली जाएगी। केंद्रीय नेतृत्व को पूरा अधिकार है। मुख्यमंत्री का चेहरा सामने आएगा।”

राजस्थान कांग्रेस के प्रमुख सचिन पायलट ने कहा, “कांग्रेस कार्यकर्ताओं व लोगों का संघर्ष नतीजों में दिखाई दे रहा है। हमने पिछली बार 21 सीटें जीती थीं। लोगों ने जिस तरह की मुश्किलों का सामना किया था तो वे नाखुश थे। वे केंद्र व राज्य सरकार से नाराज थे।”

उन्होंने कहा, “हमने जो रोडमैप प्रस्तुत किया उसे सराहा गया और राहुल गांधी ने उत्साहवर्धक प्रचार किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर काम किया। मैं लोगों के आशीर्वाद के लिए उनका आभारी हूं।”

सचिन पायलट ने कहा कि उनकी पार्टी मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ में भी सरकार बनाएगी।

नए मुख्यमंत्री के संदर्भ में सचिन पायलट ने कहा, “कांग्रेस आलाकमान व विधायक सामूहिक रूप से फैसला करेंगे।”

उन्होंने कहा, “आज एक निर्णायक दिन है और राहुल गांधी बीते साल इसी दिन कांग्रेस अध्यक्ष बने थे और इससे अच्छा उपहार क्या हो सकता है कि पार्टी तीन भाजपा शासित राज्यों में सरकार बनाने जा रही है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493