अलवर, 21 जुलाई (आईएएनएस)। राजस्थान के अलवर जिले में संदिग्ध गोरक्षकों ने 28 वर्षीय एक शख्स की पीट-पीटकर हत्या कर दी।
पुलिस ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने शुक्रवार रात हुई इस घटना की निंदा की। इस घटना में कुछ ग्रामीणों ने अकबर खान नाम के व्यक्ति की गो तस्कर होने के संदेह में पकड़कर उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई।
राजे ने ट्वीट कर कहा,”अलवर जिले में गोजातीय को ले जा रहे शख्स की कथित रूप से पीट-पीटकर की गई हत्या निंदनीय है। अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाए जाएंगे।”
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि हरियाणा के कोलगांव के निवासी खान अन्य व्यक्ति के साथ गायों को ले जा रहा था कि तभी अलवर में लालावंडी गांव के समीप ग्रामीणों के एक समूह ने उसे रोक लिया।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि ग्रामीणों ने अकबर खान और उसके साथी की बेरहमी से पिटाई की। उन्होंने कहा कि खान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अलवर में गोरक्षा के नाम पर पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं। पिछले साल अप्रैल में कुछ गोरक्षकों ने पहलू खान की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।
dharmpath.com dharmpath