राजस्थान : सहकारिता क्षेत्र में 4 लाख 66 हजार टन उर्वरक उपलब्ध

जयपुर, 24 जून (आईएएनएस)। राज्य में आगामी खरीफ फसल के लिए सहकारी संस्थाओं के स्तर पर चार लाख 66 हजार टन से अधिक रासायनिक उर्वरक उपलब्ध है। राजफैड स्तर पर डीएपी और यूरिया का अग्रिम भण्डारण भी जारी है।

यह जानकारी सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार डॉ. आर.वेंकटेश्वरन की अध्यक्षता में बुधवार को यहां सहकार भवन में आयोजित कृषि, राजफैड, इफको, कृभको व सहकारिता विभाग के अधिकारियों की बैठक में दी गई। बैठक में खरीफ के लिए उर्वरकों की उपलब्धता की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में वेंकटेश्वरन ने अधिकारियों से कहा कि प्रदेश में शीघ्र ही मानसून प्रवेश करने जा रहा है। ऐसे में मानसून के आते ही काश्तकारों को उनकी मांग के अनुसार रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

रजिस्ट्रार ने बताया कि राजफैड द्वारा इफको व आईपीएल से समन्वय बनाते हुए एक लाख 98 हजार टन यूरिया और एक लाख 61 हजार टन डीएपी की व्यवस्था की जा चुकी है। इसके साथ ही सहकारी क्षेत्र की प्रमुख उर्वरक उत्पादक सहकारी संस्था इफको द्वारा अग्रिम भण्डारण के लिए उपलब्ध कराए गए यूरिया और डीएपी के अतिरिक्त 44 हजार टन डीएपी व 46 हजार टन यूरिया उपलब्ध कराया जा चुका है। इसी तरह से कृभको द्वारा चार हजार टन डीएपी और छह हजार टन यूरिया उपलब्ध कराया जा चुका है।

वेंकटेश्वरन ने बताया कि उर्वरकों के वितरण में सहकारिता क्षेत्र की करीब 40 प्रतिशत हिस्सेदारी है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014-15 में राज्य की सहकारी संस्थाओं ने खरीफ और रबी में मिलाकर नौ लाख 78 हजार 865 टन रासायनिक उर्वरक उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने बताया कि इसमें सात लाख 45 हजार टन से अधिक यूरिया व दो लाख 3742 टन डीएपी का वितरण किया गया।

राजफैड के प्रबंध संचालक एल.एन. मीणा ने बताया कि इस वर्ष की बजट घोषणा के अनुसार राजफैड को तीन लाख टन यूरिया और एक लाख टन डीएपी का अग्रिम भण्डारण करना है, जिसमें से एक लाख 60 हजार टन यूरिया व एक लाख छह हजार टन डीएपी का अग्रिम भण्डारण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा दो हजार टन एसएसपी और पांच हजार टन जिप्सम की आपूर्ति की जा चुकी है।

कृषि विभाग के अतिरिक्त निदेशक एच.एल. मीणा ने बताया कि प्रदेश में खरीफ के लिए उर्वरकों की मांग के अनुसार आपूर्ति की व्यवस्था लगभग सुनिश्चित कर ली गई है।

इफको के राज्य विपणन प्रबंधक राजेन्द्र खर्रा ने बताया कि इफको द्वारा राजफैड से एमओयू के अतिरिक्त विशेष प्रयास करके सहकारी समितियों को डीएपी व यूरिया की अतिरिक्त आपूर्ति की जा रही है। कृभको के राज्य विपणन प्रबंधक एच.एस. शेखावत ने उर्वरक व बीज की उपलब्धता की जानकारी दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493