राज्यसभा का 235वां सत्र 23 अप्रैल से

नई दिल्ली, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। राज्यसभा का 235वां सत्र गुरुवार से शुरू होगा। संसद के मौजूदा बजट सत्र के तहत इस दौरान राज्यसभा में वित्तीय कामकाज से जुड़े अनेक विधेयकों पर चर्चा होगी।

यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सरकारी कामकाज से जुड़े आकस्मिक व्यय को ध्यान में रखते हुए यह सत्र 13 मई, 2015 तक जारी रहेगा। इस दौरान सदन की कुल 13 बैठकें होंगी।

बजट सत्र के पहले हिस्से में शुरू हुआ राज्यसभा का 234वां सत्र 20 मार्च, 2015 को स्थगित कर दिया गया था और फिर संसदीय मामलों पर कैबिनेट समिति की सिफारिश को ध्यान में रखते हुए इसका सत्रावसान कर दिया गया था।

बयान के अनुसार, रेलवे की अनुदान मांगों एवं 2015-16 के आम बजट पर चर्चा और प्रासंगिक विनियोग व वित्त विधेयकों को पारित किया जाना राज्यसभा के 235वें सत्र के मुख्य एजेंडे में शामिल है। इसी तरह पांच मंत्रालयों के कामकाज पर चर्चा भी इस सत्र के प्रमुख एजेंडे में शामिल है।

बयान में कहा गया है कि इस दौरान जिन मंत्रालयों के कामकाज पर चर्चाएं होंगी, उनमें विदेश, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस, विधि एवं न्याय, सामाजिक न्याय व सशक्तीकरण और सूक्ष्म, लघु व मझोले उद्यम मंत्रालय शामिल हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493