राम नाइक, अखिलेश ने जाखड़ के निधन पर शोक जताया

लखनऊ, 3 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाइक व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पूर्व लोकसभा अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यपाल बलराम जाखड़ के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है।

राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि बलराम जाखड़ जमीन से जुड़े नेता थे और किसानों के हिमायती थे। संसदीय परम्पराओं के कुशलतापूर्ण निर्वहन के साथ-साथ उनमें सबको साथ लेकर चलने की क्षमता थी।

उन्होंने कहा कि दिवंगत बलराम जाखड़ लोकसभा में उनके सहयोगी रहे हैं। नाइक ने दिवंगत आत्मा की सद्गति की कामना करते हुए परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदना प्रेशित की है।

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शोक संदेश में कहा कि संसदीय प्रणाली को सुदृढ़ बनाने में जाखड़ के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। कृषि एवं बागवानी के विकास में जाखड़ की विशेष रुचि थी।

उन्होंने किसानों के हितों के लिए सतत् संघर्ष किया। साथ ही, कृषि क्षेत्र में स्वयं आधुनिक तकनीक को अपनाकर किसानों का मार्गदर्शन भी किया।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।

गौरतलब है कि 92 वर्ष के बलराम जाखड़ का बुधवार सुबह दिल्ली में निधन हो गया। वह कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता थे। 1980 से दस साल तक वह लोक सभा के अध्यक्ष रहे। जाखड़ मध्यप्रदेश के राज्यपाल भी रहे। उनका जन्म पंजाब में 23 अगस्त 1923 को फिरोजपुर जिले के पंचकोसी गांव में हुआ था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493