नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने भारतीय वायुसेना की 84वीं वर्षगांठ (आठ अक्टूबर) की पूर्व संध्या पर वायुसेना को बधाई दी है।
राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा, “मुझे यह जानकर अति प्रसन्नता हुई है कि भारतीय वायुसेना आठ अक्टूबर को अपनी 84वीं वर्षगांठ मना रही है।”
राष्ट्रपति ने कहा, “राष्ट्र को वायुसेना की क्षमता और दक्षता पर गर्व है। पिछले आठ दशकों में वायुसेना अति व्यावसायिक और युद्ध के लिए हमेशा तैयार बल के रूप में उभरी है। वायुसेना ने हवाई हमलों में विशेषज्ञता हासिल कर ली है और महत्वपूर्ण मानवीय सहायता तथा आपदा राहत के दौरान सराहनीय कार्य किए हैं। वायुसेना के बहादुर महिलाओं और पुरुषों ने अपने कर्तव्य निभाते समय साहस और प्रतिबद्धता का परिचय दिया है।”
उन्होंने कहा, “मुझे विश्वास है कि आधुनिकीकरण से वायुसेना में और काफी बदलाव आएंगे तथा यह भविष्य की चुनौतियों से निपटने में अधिक सक्षम और रणनीतिक बल बन जाएगा। मुझे विश्वास है कि वायुसेना आसमान में हमारी रक्षा के लिए हमेशा सजग रहेगी।”
dharmpath.com dharmpath