नई दिल्ली, 25 दिसम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को उनके 91वें जन्मदिन पर उन्हें बधाई देते हुए उनके दीर्घायु होने की कामना की।
राष्ट्रपति ने एक संदेश में कहा, “वाजपेयी जी को जन्मदिन पर बहुत-बहुत बधाई। उनका स्वास्थ्य अच्छ हो और ईश्वर उन्हें दीर्घायु बनावें।”
अफगानिस्तान दौरे पर गए प्रधानमंत्री मोदी ने भी वाजपेयी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी।
मोदी ने कहा, “अटलजी ने मुश्किल की घड़ी में भारत को असाधारण नेतृत्व प्रदान किया।”
प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, “हमारे प्यारे अटल जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। मुश्किल की घड़ी में देश का नेतृत्व करने वाले व्यक्तित्व को सलाम।”
मोदी ने एक अन्य ट्वीट में कहा, “पार्टी नेता हो, संसद सदस्य हो या फिर मंत्री और प्रधानमंत्री। अटली जी ने प्रत्येक भूमिका में स्वयं को प्रतिष्ठित किया है। यही उनकी खासियत है।”
मोदी ने कहा कि वह शुक्रवार को अटल से मिलने जाएंगे।
प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा, “शाम दिल्ली पहुंचने के बाद सीधे अटलजी के आवास पर जाऊंगा और उन्हें व्यक्तिगत रूप से जन्मदिन की बधाई दूंगा।”
मोदी बुधवार से दो दिवसीय रूस दौरे पर थे। वह शुक्रवार शाम स्वदेश लौटने वाले हैं।
वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा के दिग्गज नेता को जन्मदिन पर बधाई देते हुए कहा, “हमारे भारत जैसे विविधतापूर्ण देश में वाजपेयी जी सहिष्णुता के एक शानदार उदाहरण और सार्वजनिक जीवन में सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।”
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह तथा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी वाजपेयी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी।
रमन सिंह ने कहा, “वाजपेयी जी हमेशा से मेरे लिए प्रेरणास्रोत रहे हैं। मैं उनके खुशहाल व स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।”
जम्मू एवं कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा, “वाजपेयी साहेब को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई। वह एक महान व्यक्तित्व और बेहतरीन प्रधानमंत्री रहे हैं।”
केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने वाजपेयी जी को अपना मार्गदर्शक करार देते हुए कहा कि ईश्वर उन्हें स्वस्थ रखें।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन.चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि वाजपेयी उनके प्रेरणास्रोत रहे हैं और भारत के बेहतरीन नेताओं में से एक हैं।
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने वाजपेयी के स्वस्थ होने की कामना की।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, रविशंकर प्रसाद व मुख्तार अब्बास नकवी ने भी वाजपेयी को जन्मदिन की शुभाकामनाएं दी।
वाजपेयी सन् 1957 में पहली बार लोकसभा सदस्य के रूप में निर्वाचित हुए। उसके बाद वह कई बार लोकसभा व राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए। वह लखनऊ से लगातार पांच बार सांसद निर्वाचित हुए।
dharmpath.com dharmpath