सोनम को ‘नीरजा’ पर आमिर की प्रतिक्रिया का इंतजार

मुंबई, 25 दिसम्बर (आईएएनएस)। अभिनेत्री सोनम कपूर का कहना है कि बॉलीवुड के अभिनेता आमिर खान हमेशा उनकी प्रेरणा रहेंगे और वह अपनी फिल्मों के बारे में उनके विचार जानने की इच्छुक रहती हैं।

सोनम ने कहा, “पिछली बार आमिर ने ‘रांझणा’ के लिए ट्वीट किया था और सच कहूं तो उसके बाद मेरा जीवन बदल गया। इस फिल्म के बाद मुझे जिस तरह की फिल्मों के प्रस्ताव आए, वह सच में अलग थे।”

अभिनेत्री ने कहा कि ‘नीरजा’ की रिलीज के बाद वह आमिर से इसी तरह की प्रतिक्रिया मिलने का इंतजार कर रही हैं।

सोनम ने यहां रेनॉल्ट सोनी गिल्ड अवार्ड में कहा, “मैं आमिर का काफी सम्मान करती हूं। इस फिल्म के लिए उनकी प्रतिक्रिया का इंतजार कर रही हूं और अगर वह इसकी तारीफ करते हैं, तो मुझे इससे काफी खुशी होगी।”

सोनम की आगामी फिल्म दिवंगत एयरहोस्ट्रेस नीरजा भनोट की बॉयोपिक है। इस फिल्म में वह भनोट का किरदार निभा रही हैं।

भनोट ने 1986 में कराची से अगवा विमान पान एएम 73 में फंसे 359 लोगों को बचाते हुए अपनी जान दे दी। उन्हें मरणोपरांत वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

राम माधवानी निर्देशित फिल्म ‘नीरजा’ में दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी भी अहम भूमिका में हैं और यह अगले साल 19 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493