नई दिल्ली, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को फसल कटाई से जुड़े त्योहारों पर देशवासियों को बधाई दी।
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने देश को बैसाखी, विशु, रोंगाली बिहु, वैसाखादी, पुथांदु पीराप्पू और नब बर्ष की बधाई दी और बढ़िया फसल सुनिश्चित करने में किसानों की कड़ी मेहनत की प्रशंसा की।
राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, “देश के सभी नागरिकों खासकर खेती व कृषि से जुड़े लोगों को बैसाखी की बहुत-बहुत बधाई। बैसाखी हमारे किसानों द्वारा बहाए गए पसीने व परिश्रम का त्योहार है, जो अच्छी फसल तथा हमारे घरों में खुशियां लाता है।”
उन्होंने कहा, “इस दिन हम धरती मां का आभार व्यक्त करें और हमारे जीवन को उनके द्वारा दिए गए आशीर्वाद के लिए हम प्रकृति के संरक्षण का संकल्प करें। खुशी के इस मौके पर सभी के साथ खुशियां साझा करें, खासकर उनके साथ जो जरूरतमंद हैं। देश की समृद्धि, एकता तथा भाईचारे के लिए हमारे प्रयास को दोगुना करने का संकल्प लें।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “बैसाखी के अवसर पर देशवासियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं।”
बैसाखी, विशु, रोंगाली बिहु, वैसाखादी, पुथांदु पीराप्पू और नब बर्ष त्योहार पंजाब से लेकर बंगाल और असम तक के क्षेत्र में पारंपरिक नव वर्ष के आगमन के प्रतीक हैं।
dharmpath.com dharmpath