राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, सशस्त्र बलों ने कारगिल के नायकों को याद किया

नई दिल्ली, 26 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और भारतीय सेना ने शुक्रवार को ऑपरेशन विजय में भाग लेने वाले सैनिकों की वीरता को याद करते हुए कारगिल युद्ध की 20वीं वर्षगांठ मनाई।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट किया, “कारगिल विजय दिवस, हमारे कृतज्ञ राष्ट्र के लिए 1999 में कारगिल की चोटियों पर अपने सशस्त्र बलों की वीरता का स्मरण करने का दिन है। हम इस अवसर पर, भारत की रक्षा करने वाले योद्धाओं के धैर्य व शौर्य को नमन करते हैं। हम सभी शहीदों के प्रति आजीवन ऋणी रहेंगे। जय हिन्द।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कारगिल के शहीदों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, “कारगिल विजय दिवस पर मां भारती के सभी वीर सपूतों का मैं हृदय से वंदन करता हूं। यह दिवस हमें अपने सैनिकों के साहस, शौर्य और समर्पण की याद दिलाता है। इस अवसर पर उन पराक्रमी योद्धाओं को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। जय हिंद।”

भारतीय वायु सेनो ने कहा, “कारगिल शहीदों को नमन और हमारे वीर सैनिकों के साहस, वीरता और बलिदान को सलाम। भारत की अखंडता को बनाए रखने और उसकी रक्षा करने वाले बहादुर सैनिकों की शहादत को याद करें।”

रक्षा मंत्रालय (सेना) के जन सूचना के अतिरिक्त महानिदेशक ने ट्वीट किया, “साल 1999 में मई-जुलाई तक हुए कारगिल युद्ध के बाद 26 जुलाई कारगिल विजय दिवस के रूप में देश की शानदार जीत की अमरकथा बन गया। भारतीय सेना के सैनिकों ने द्रास, काकसार, बाटलिक और टरटोक सेक्टरों में शानदार युद्ध किया। हमारे शहीदों और नायकों के साहस, वीरता और बलिदान को सलाम।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493