नई दिल्ली, 13 जून (आईएएनएस)। अमेरिकी शहर ऑरलैंडो में निर्दोष नागरिकों पर जघन्य हमले पर राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने शोक और दुख व्यक्त किया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को सोमवार को भेजे संदेश में मुखर्जी ने कहा, “ऑरलैंडो में निर्दोष लोगों पर हुए घातक हमले की खबर सुनकर मैं अत्यंत दुखी और गहरे सदमे में हूं। इस भयानक त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के प्रति मैं अपनी हार्दिक शोक संवेदना व्यक्त करता हूं।”
उन्होंने कहा, “भारत आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों की निंदा करता है। इस तरह की पागलपन भरी कार्रवाई को किसी भी तरह से उचित नहीं ठहराया जा सकता है।”
मुखर्जी ने कहा, “यह घटना एक और गंभीर चेतावनी है कि आतंकवाद की आफत, इसके अपराधियों और इसकेसमर्थकों या उन्हें शरण देने वालों से तुरंत और समग्र रूप से निपटने के लिए दुनिया को एकजुट होना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि इस दुख और शोक की घड़ी में भारत के लोग अमेरिकी लोगों के साथ हैं।
मुखर्जी ने कहा, “हम उन परिवारों के लिए प्रार्थना करते हैं, जिन्होंने अपने प्रियजन खोए हैं और घायलों के लिए जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।”
dharmpath.com dharmpath