राष्ट्रवाद हमारी पहचान, इसकी हिफाजत करनी ही होगी : शाह

नई दिल्ली, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को कहा कि राष्ट्रवाद उनकी पार्टी की पहचान है और नई पीढ़ी की यह जिम्मेदारी है कि वह इसे आगे बढ़ाए।

भाजपा के स्थापना दिवस पर हुए समारोह में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, “11 लोगों के साथ पार्टी बनी थी और आज यह 11 करोड़ सदस्यों का परिवार है। ऐसा हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं के त्याग के कारण संभव हो सका है।”

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “राष्ट्रवाद हमारी पार्टी की पहचान है और हमारी तीन पीढ़ियों ने अपने त्याग के बल पर इसे बनाए रखा है। इस पहचान को संरक्षित रखना और आगे बढ़ाना हमारा दायित्व है।”

उन्होंने भारत माता की जय के साथ अपने संबोधन का आरंभ और अंत किया।

अमित शाह ने कहा कि वैकल्पिक राजनीतिक विचारधारा प्रदान करने के लिए पहले भारतीय जन संघ और बाद में भाजपा की स्थापना की गई।

शाह ने कहा, ” (जवाहरलाल) नेहरू के प्रधानमंत्री बनने के बाद उनकी पाश्चात्योन्मुख नीतियों और निर्णयों ने राष्ट्रवादी ताकतों को जन संघ की स्थापना के लिए बाध्य किया। अगर हम लोग नेहरू की नीतियों का अनुसरण कर रहे होते तो गलत रास्ते पर चले गए होते।”

उन्होंने प्रधनमंत्री नरेन्द्र मोदी को विश्व का लोकप्रिय नेता बताते हुए कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

शाह ने कहा, “इसमें कोई संदेह नहीं है कि नरेंद्र भाई विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। केंद्र में पहली बार ऐसी सरकार बनी है जो गरीबों और वंचितों को केंद्र में रख कर नीतियां बनाती है और फैसले करती है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493