राहुल गांधी झूठ बोलना बंद करें : भाजपा

अहमदाबाद, 12 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर गुजरात के लोगों के समक्ष झूठ बोलने और उनके सवालों का जवाब नहीं देने का आरोप लगाया।

केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “कांग्रेस ने पाटीदारों को आरक्षण का वादा किया है। क्या राहुल गांधी यह बता सकते हैं कि इसके लिए क्या रोड मैप बनाया गया है? भाजपा को पाटीदारों से सहानुभूति है, किसी कारण के लिए सहानुभूति होना एक चीज है, संवैधानिक दायरा एक अलग चीज है।”

गुजरात में राहुल के मंदिर दर्शन पर प्रसाद ने सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य धार्मिक प्रतिबद्धता से ज्यादा राजनैतिक कारण है।

प्रसाद ने कहा, “राहुल गांधी गुजरात में मंदिरों में जा रहे हैं। लेकिन उत्तर प्रदेश चुनाव के दौरान, क्या वह कभी अयोध्या में राम मंदिर गए या मथुरा में कृष्ण मंदिर गए?”

उन्होंने कहा, “कांग्रेस को राम मंदिर मुद्दे पर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। क्या अयोध्या में राम मंदिर का निमार्ण होना चाहिए या नहीं।”

प्रसाद ने मणिशंकर अय्यर के घर में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल के साथ पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की मुलाकात के औचित्य पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार मुस्लिमों में तीन तलाक की प्रथा को समाप्त करने के लिए कानून लाने वाली है।

मंत्री ने कहा, “यह मामला संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन(संप्रग) के कार्यकाल के समय सर्वोच्च न्यायालय पहुंचा था, लेकिन मनमोहन सिंह सरकार ने इसपर अदालत में जवाब दाखिल नहीं किया। लेकिन हमने इस मुद्दे पर रुख स्पष्ट किया है।”

प्रसाद ने कहा, “राहुल गांधी ने अपने भाषण में कहा कि भाजपा गुजरात में विकास पर बात नहीं कर रही है। हमारे पास राज्य में 22 वर्षो के कार्यकाल के दौरान हुए विकास के सभी आंकड़े मौजूद हैं। मेरा राहुल गांधी से बस इतना आग्रह है कि उन्हें झूठ बोलना बंद कर देना चाहिए, अब वह कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष चुन लिए गए हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493