राहुल गांधी सबसे सक्रिय व सर्वसुलभ नेता : जयराम रमेश

नई दिल्ली, 14 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी सबसे सक्रिय और सर्वसुलभ नेता हैं।

इंडिया टुडे चैनल के साथ एक साक्षात्कार में जयराम रमेश ने कहा कि राहुल गांधी का मूल्यों के प्रति नजरिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से काफी बेहतर है। मोदी के पास ‘तथ्यों को तोड़ने-मरोड़ने की क्षमता’ है।

उन्होंने जल्द ही राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने की उम्मीद भी जताई।

उन्होंने कहा, “वह हमारे सबसे सक्रिय व सर्वसुलभ नेता हैं। मैं उनके जल्द से जल्द अध्यक्ष बनने की उम्मीद करता हूं।”

रमेश ने कहा, “मैंने उन्हें लोकतांत्रिक तरीके से फैसले लेते, लोगों को काम करने की अनुमति देते तथा खुद को अभिव्यक्त करने के लिए लोगों को सशक्त करते हुए देखा है। मैंने उन्हें सर्वसुलभ पाया है। वह संस्थानिक प्रक्रिया में विश्वास करते हैं।”

कांग्रेस नेता ने कहा, “उनका फैसला लेने का तरीका अलग है। वह भारत के धर्मनिरपेक्ष मूल्यों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। मैं नहीं सोचता हूं कि जो वह बोलते हैं, विश्वास करते हैं और जो करते हैं, उसमें किसी प्रकार का कोई भेद होता है।”

जयराम रमेश ने स्वीकार किया कि वर्तमान में पार्टी 130 साल के इतिहास के सबसे खराब दौर से गुजर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने कई राजनीतिक फैसले लिए थे, जिनमें से कुछ पूरे हुए जबकि कुछ नहीं।

अन्य पार्टियों के साथ गठबंधन के बारे में पूछे जाने पर रमेश ने कहा, “गठबंधन एक जरूरत बन गया है। लेकिन, आप अंध कांग्रेस विरोधी नहीं हो सकते। यह भारतीय राजनीति के लिए ठीक नहीं है। अंध भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विरोधी होना भी समाधान नहीं है। आपको कार्यक्रम संबंधी एकता की जरूरत है। आपको कार्यक्रम तथा विचार पर एक साथ आने की जरूरत है न कि केवल किसी को हराने के लिए।”

कमलनाथ को पंजाब चुनाव के लिए पार्टी का प्रभारी बनाए जाने पर उन्होंने कहा, “मैं सहमत हूं कि 1984 का सिख दंगा कांग्रेस पर एक दाग है, लेकिन उसमें कमलनाथ की संलिप्तता के कोई सबूत नहीं हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493