नई दिल्ली, 8 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कांग्रेस पर मध्य प्रदेश के मंदसौर में हिंसा उकसाने की साजिश रचने का आरोप लगाया और पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा राज्य का दौरा करने के फैसले को ‘गैर जिम्मेदाराना हरकत’ करार दिया। मंदसौर में प्रदर्शन कर रहे किसानों पर कथित तौर पर पुलिस गोलीबारी में पांच किसानों की मौत हो गई है।
तोमर ने एनडीटीवी से कहा, “जो ताकतें साजिश रच रही हैं, वे मध्य प्रदेश को आगे बढ़ते हुए नहीं देखना चाहतीं। साजिश रचने वाली ताकतें नहीं चाहतीं कि किसान खुशहाल हों। यह आज साबित हो गया, जब हमने राहुल गांधी को मंदसौर का दौरा करने का प्रयास करते देखा। इस तरह की परिस्थिति में राहुल गैर जिम्मेदार तरीके से पेश आ रहे हैं। इसे सही आचरण करार नहीं दिया जा सकता।”
मंदसौर में हुई घटना के बारे में सवाल पूछे जाने पर मंत्री ने कहा, “मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि कांग्रेस घटना में प्रत्यक्ष तौर पर खुद शामिल होकर हिंसा भड़काएगी।”
मध्य प्रदेश के निवासी तोमर ने कांग्रेस पर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को नीचा दिखाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस जब सत्ता में थी, तो बैतूल में पुलिस गोलीबारी में कम से कम 30 किसानों की मौत हो गई थी। तब न तो कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी न राहुल गांधी और न ही पार्टी के किसी नेता ने राज्य का दौरा किया था। आज वे केवल माहौल बिगाड़ने तथा राज्य सरकार को नीचा दिखाने के लिए मध्य प्रदेश जा रहे हैं। भविष्य में कांग्रेस को बड़ा नुकसान होने जा रहा है।”
मंत्री ने कहा कि किसानों को राज्य प्रशासन ने प्रदर्शन न करने के लिए मना लिया था और उन्होंने अपनी सहमति भी जता दी थी।
तोमर ने कहा, “लेकिन 5-6 जून को एक साजिश रची गई और किसानों के नाम पर राज्य को हिंसा की आग में झोंक दिया गया।”
dharmpath.com dharmpath