नई दिल्ली, 19 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को अपने 46वें जन्मदिन पर पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
नई दिल्ली, 19 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को अपने 46वें जन्मदिन पर पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल को फूल-माला और गुलदस्ते भेट किए और कई समर्थकों ने उनके समर्थन में नारे भी लगाए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुबह ही कांग्रेस उपाध्यक्ष के 46वें जन्मदिन पर बधाई दी और उनके दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना की।
मोदी ने ट्वीट कर कहा, “कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। भगवान उन्हें दीर्घायु और स्वस्थ जीवन दे।”
राहुल ने जवाब में कहा, “नरेंद्र मोदी जी आपकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद।”
पार्टी के एक सूत्र ने कहा कि राहुल सुबह लगभग 11.45 बजे पार्टी मुख्यालय पहुंचे और वहां डेढ़ घंटे रहे। इस दौरान उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। कांग्रेस की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष अजय माकन भी इस मौके पर मौजूद थे।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद, अहमद पटेल, पी. चिदंबरम, शीला दीक्षित, मोतीलाल वोरा और आनंद शर्मा ने राहुल के तुगलक लेन स्थित आवास पर जन्मदिन की बधाई दी।
राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने वाले अन्य प्रमुख राजनीतिक हस्तियों में डीएमके प्रमुख एम. करुणानिधि, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह, राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद, उनके बेटे व बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, लोक जनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान, भाजपा के शहनवाज हुसैन और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता प्रफुल्ल पटेल शामिल थे।
dharmpath.com dharmpath