नई दिल्ली, 20 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को अपने पिता एवं पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के 72वें जन्मदिन पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
राहुल ने ट्वीट कर कहा, “आज राजीव जी को याद कर रहा हूं। उनकी दूरदृष्टि, उनके मूल्यों और लोगों के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता हमारी प्रेरणा बनी रहेगी।”
पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर खाते से भी ट्वीट कर कहा, “हम पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, जिन्होंने देश को 21वीं सदी में पहुंचाने में मदद की। भारत रत्न राजीव गांधी।”
राहुल गांधी ने यहां जवाहर भवन में राजीव गांधी के जन्म दिन पर आयोजित समारोह ‘एक्सेस टू अपॉरट्यूनिटीज’ के मौके पर दिव्यांग युवकों को वाहन भी वितरित किए।
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी वीर भूमि जाकर राजीव गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की।
राजीव गांधी का जन्म 20 अगस्त, 1944 को हुआ था। वह 1984 से 1989 तक देश के प्रधानमंत्री रहे।
उन्होंने 1984 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद पदभार संभाला था।
राजीव गांधी की 21 मई, 1991 को तमिलनाडु में आत्मघाती हमले में हत्या कर दी गई थी।
dharmpath.com dharmpath