राहुल-लालू मुलाकात पर जद (यू) ने कसा तंज

पटना, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में जाकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष और चारा घोटाले में सजा काट रहे लालू प्रसाद से मुलाकात पर जनता दल (युनाइटेड) ने तंज कसते हुए राहुल को तिहाड़ जेल जाकर पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन से भी मिलने की नसीहत दी है।

जद (यू) के प्रवक्ता और विधान पार्षद नीरज कुमार ने यहां कहा कि राहुल गांधी को अब तिहाड़ जेल जाकर राजद के नेता शहाबुद्दीन से भी मिल ही लेना चाहिए।

उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए सवालिया लहजे में कहा, “आपने तो ‘एंग्रीमैन’ बनकर भ्रष्टाचार को लेकर एक अध्यादेश की कॉपी संसद में फाड़ी थी, मगर अब सजायाफ्ता लालू प्रसाद से मिलने पहुंच गए।”

उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि अगर वे सामाजिकता के तहत गए हैं तब तो कोई बात नहीं, लेकिन अगर किसी राजनीतिक मायने के लिए गए, तब तो उन्हें यह बताना चाहिए कि तब अध्यादेश की कॉपी फाड़ने का औचित्य क्या था?”

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को यह भी बताना चाहिए कि वे वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव और वर्ष 2015 के बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान आपने लालू प्रसाद जी के साथ मंच साझा क्यों नहीं किया?

जद (यू) नेता ने कहा कि राहुल गांधी को लगता है कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में धर्मनिरपेक्षता की लड़ाई के लिए धनोपार्जन जरूरी मानने वालों की मदद के बिना वे चुनाव नहीं जीत सकते।

नीरज ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी को सत्ता के भूख ने ऐसे राजनीतिक परिवार के मुखिया के पास जाने को विवश कर दिया है, जिसके परिवार के कई लोग भ्रष्टाचार के मामले में आरोपी हैं।

उल्लेखनीय है कि चारा घोटाले में जेल की सजा काट रहे बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सेहत संबंधी समस्या को लेकर इन दिनों दिल्ली के एम्स में इलाजरत हैं। सोमवार को उनकी सेहत का हाल-चाल जानने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल पहुंचे और उनसे लंबी बातचीत की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493