नई दिल्ली, 12 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को दिल्ली नगर निगम के सफाई कर्मचारियों से मुलाकात की। उन्होंने सफाई कर्मियों को मदद का आश्वासन दिया। ये कर्मचारी पिछले तीन महीनों से वेतन नहीं मिलने के विरोध में हड़ताल पर हैं।
उन्होंने यहां पटपड़गंज में पूर्वी दिल्ली नगर निगम मुख्यालय में हड़ताल कर रहे सफाई कर्मियों के साथ बैठक में कहा, “मैं यहां आपको अपनी कुछ शक्ति देने आया हूं।”
गांधी ने जोर देकर कहा कि हड़तालरत सफाई कर्मियों को केंद्र और दिल्ली सरकार द्वारा अपनी मांगें पूरा करवाने के लिए अपनी शक्ति और ताकत दिखानी पड़ेगी।
उन्होंने कहा, “मैं यहां आपके साथ हूं। यदि आप चाहते हैं कि मैं आपके साथ धरने पर बैठूं तो मैं एक घंटा, दो घंटा और दस घंटे तक आपके साथ बैठूंगा। मेरे पास आपके लिए समय है।”
राहुल ने केंद्र और दिल्ली की सरकार पर सफाई कर्मियों के हित में काम न करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, “आप शहर को साफ रखते हैं। उन्हें चिंता नहीं है। यदि आप केंद्र सरकार के पास जाते हैं तो वे आपको दिल्ली सरकार के पास जाने के लिए कहते हैं और दिल्ली सरकार आपको फिर केंद्र सरकार के पास जाने के लिए कहेगी। ये सब बहाने हैं। मैं आपके साथ हूं। आप मुझे बुलाएं और मैं यहां आपके साथ 10 से 15 दिनों तक धरने पर बैठूंगा।”
दिल्ली में अरविंद केजरीवाल सरकार ने दिल्ली नगर निमग के कर्मचारियों के वेतन के लिए नौ जून को 500 करोड़ रुपये जारी किए थे।
पूर्वी और उत्तरी दिल्ली नगर निगम के सफाईकर्मी वेतन नहीं मिलने के विरोध में हड़ताल पर चले गए हैं।
dharmpath.com dharmpath