मेड्रिड, 2 मार्च (आईएएनएस)। मेड्रिड के अधिकारियों ने रियल मेड्रिड के कोलंबियाई फुटबाल खिलाड़ी जेम्स रोड्रिगेज पर तेज रफ्तार से कार चलाने और पुलिस से बचने के लिए 10,400 यूरो (11,310 डॉलर) का जुर्माना लगाया है।
समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, स्पेन की सुरक्षा कमेटी एल्कोरकोन ने इसकी पुष्टि की है। इसकी घोषणा 19 फरवरी को ही हो गई थी।
कानून के तहत अधिकारियों की अवज्ञा या विरोध करने वालों पर अधिकतम जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
इस जुर्माने के खिलाफ जेम्स अपील भी कर सकते हैं या फिर 15 दिनों के अंदर उन्हें इस जुर्माने का भुगतान करना होगा।
यह घटना एक जनवरी की है, जब 200 किलोमीटर प्रतिघंटे की तेजी से कार चलाने के लिए पुलिस जेम्स का पीछा कर रही थी। वह वाल्देबेबास में रियल मेड्रिड की स्पोर्ट्स सिटी जा रहे थे।
पुलिस ने जेम्स को उनकी कार रोकने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने आदेशों का पालन नहीं किया। हालांकि, उन्होंने बाद में दावा किया कि उन्होंने न तो पुलिस की कार देखी और न ही किसी प्रकार की चेतावनी वाले हॉर्न की आवाज सुनी।
dharmpath.com dharmpath