‘रियो ओलम्पिक में रूस एथलेटिक्स का शामिल होना संदिग्ध’

सेंट पीटर्सबर्ग, 30 दिसम्बर (आईएएनएस)। यूरोपीयन एथलेटिक्स महासंघ के अध्यक्ष स्वेन आर्ने हैनसेन ने कहा है कि अगले वर्ष ब्राजीलियाई शहर रियो डी जनेरियो में होने वाले ओलम्पिक खेलों की एथलेटिक्स स्पर्धाओं में रूस का शामिल होना संदेह के घेरे में है।

उल्लेखनीय है कि 13 नवंबर को अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक्स महासंघ (आईएएएफ) ने रूस एथलेटिक्स में डोपिंग के व्यापक मामले पाए जाने के बाद रूस को विश्व एथलेटिक्स से निलंबित कर दिया था।

आईएएएफ का एक जांच दल जनवरी, 2016 में रूस जाएगा। जांच के बाद यह टीम अगले वर्ष 27 मार्च को कार्डिफ में होने वाले आईएएएफ काउंसिल की बैठक में अपनी रिपोर्ट पेश कर सकता है।

समाचार चैनल बीबीसी ने मंगलवार को हैनसेन के हवाले से कहा, “रियो ओलम्पिक में प्रवेश पाने के लिए उन्हें मापदंडों पर खरा उतरना होगा, लेकिन मैं उन्हें रियो में खेलता नहीं देख पा रहा।”

उन्होंने कहा, “उन्हें अपनी खेल संस्कृति में बदलाव लाना होगा और डोपिंग से घिरे हर व्यक्ति से छुटकारा पाना होगा।”

हैनसेन ने कहा, “रूस एथलेटिक्स में हम कुछ अच्छे लोगों को जानते हैं और मुझे पूरी उम्मीद है कि उन्हें चुना जाएगा। हमें उम्मीद है कि वहां कुछ नए व्यक्ति आगे आएंगे जो अच्छी तरह जानते हैं कि यह सब बदलना जरूरी है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493