भोपाल, 30 दिसंबर (आईएएनएस)। सूखे की मार झेल रहे मध्य प्रदेश को केंद्र सरकार से मांगी गई राशि की आधी राशि ही मिली है। फिर भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसके लिए बुधवार को केंद्र सरकार के प्रति आभार जताया है।
मुख्यमंत्री चौहान राज्य में सूखे से निपटने के लिए केंद्र से मदद पाने तीन बार दिल्ली गए थे और राहत राशि के लिए उन्होंने हाईपॉवर कमेटी के सदस्य गृहमंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री अरुण जेटली और कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह से भी मुलाकात की थी।
चौहान ने चार हजार करोड़ रुपये से अधिक के राहत पैकेज की मांग की थी, मगर केंद्र सरकार ने सिर्फ 2033 करोड़ रुपये पैकेज की मंगलवार को घोषणा की है।
मुख्यमंत्री शिवराज ने बुधवार को जारी एक बयान में इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्र सरकार का आभार व्यक्त किया है।
यही नहीं, चौहान ने बयान में कहा है कि किसानों के लिए यह अब तक की सबसे बड़ी राहत राशि है।
बयान के अनुसार, चौहान ने कहा कि इस केन्द्रीय सहायता से प्रदेश के सूखा प्रभावित क्षेत्र के किसानों को बड़ी मदद मिलेगी। यह राशि राष्ट्रीय आपदा राहत कोष से दी गई है। मुख्यमंत्री ने किसानों की हर संभव मदद का संकल्प दोहराया है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, प्रदेश में मानसून वर्ष 2015 में हुई फसल हानि के लिए किसानों को 3266 करोड़ 87 लाख 96 हजार रुपये की राहत राशि वितरित कर दी गई है। राज्य शासन द्वारा 3517 करोड़ 52 लाख रुपये की राहत राशि आवंटित की गई है। इस प्रकार अभी तक 93 प्रतिशत राशि का वितरण कर दिया गया है।
dharmpath.com dharmpath