रियो ओलम्पिक (हॉकी) : भारत महिलाओं की शर्मनाक हार

रियो डी जनेरियो, 10 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय महिला हॉकी टीम को बुधवार को रियो ओलम्पिक में अपने तीसरे पूल मैच में शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है। ओलम्पिक हॉकी स्टेडियम में पूल-बी के मैच में आस्ट्रेलिया ने भारत को 6-1 से मात दी।

यह भारतीय महिलाओं की इस ओलम्पिक में लगातार दूसरी हार है। ब्रिटेन के खिलाफ दूसरे पूल मैच में उसे 3-0 से हार का सामना करना पड़ा था। भारत के लिए इकलौता गोल अंतिम मिनट में अनुराधा थोकचोम ने किया।

आस्ट्रेलिया के पहला गोल कैथरीन स्लैट्री ने पांचवें मिनट में किया। इसके चार मिनट बाद जॉर्जिना मोर्गन ने आस्ट्रेलियाई टीम की बढ़त को दोगुना कर दिया। यह दोनों गोल पेनाल्टी कॉर्नर से हुए

इसके बाद भारतीय टीम पर दबाव बढ़ गया और आस्ट्रेलियाई टीम के सामने वह बेबस नजर आने लगी। दूसरे क्वार्टर की समाप्ति तक आस्ट्रेलिया 2-0 से आगे थी।

35वें मिनट में जेन क्लैक्सटोन ने शानदार फील्ड गोल कर भारतीय खेमे की परेशनियों को बढ़ाते हुए स्कोर 3-0 कर दिया। आस्ट्रेलिया यहीं नहीं रूकी और 36वें मिनट में जॉजिना पार्कर ने एक और गोल कर भारत को 4-0 से पीछे कर दिया।

चार गोल खाने के बाद भारतीय टीम ने जीत की उम्मीद छोड़ दी थी। इसी बीच आस्ट्रेलिया को 43वें मिनट में पेनाल्टी मिली और जॉडी केनी ने उसे गोल में बदल कर आस्ट्रेलिया के खाते में एक और गोल जोड़ा।

चौथे क्वार्टर में आस्ट्रेलिया ने अपना दबदबा कायम रखा और शुरुआत के एक मिनट बाद उसे पेनाल्टी कॉर्नर मिला, केनी ने स्कोर 6-0 करने में कोई गलती नहीं की।

भारत की हार 6-0 से तय लग रही थी, लेकिन अनुराधा ने अंतिम मिनट में भारत के लिए सांत्वना गोल कर हार के अंतर को कम किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493