मुंबई, 4 मई (आईएएनएस)। अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस पावर को बांग्लादेश में 750 मेगावाट गैस आधारित परियोजना का ठेका मिला है। इस पर करीब 1.3 अरब डॉलर निवेश होगा। इसे दक्षिण एशिया की सबसे बड़ी परियोजना बताया जा रहा है।
कंपनी द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है, “संयंत्र के प्रथम चरण की स्थापना ढाका के दक्षिण-पूर्व में 40 किलोमीटर की दूरी पर नारायणगंज जिले के मेघनाघाट में की जाएगी। इसके साथ ही कॉक्स बाजार जिले में महेशखाली द्वीप पर फ्लोटिंग स्टोरेज और रीगैसीफिकेशन टर्मिनल बनाया जाएगा।”
बयान के मुताबिक प्रथम चरण का निर्माण 24 महीने में 2018-19 में पूरा होगा।
बयान में कहा गया है कि यह बांग्लादेश में सबसे बड़ा प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) होगा। इस पर 1.3 अरब डॉलर से अधिक निवेश होगा।
गत वर्ष जून में ढाका दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लोदश को 2021 तक 21,000 मेगावाट उत्पादन क्षमता हासिल करने में मदद करने का वादा किया था और प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार से आग्रह किया था कि भारतीय कंपनियों को प्रवेश की सुविधा दी जाए।
इसके बाद रिलायंस पावर ने बांग्लादेश की सरकार के साथ तीन अरब डॉलर निवेश से चरणबद्ध तरीके से 3,000 मेगावाट क्षमता स्थापित करने के लिए एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए थे।
dharmpath.com dharmpath