रेलवे प्रमुख स्टेशनों पर शुरू करेगा ‘यात्री मित्र सेवा’ (लीड-1)

नई दिल्ली, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय रेलवे ने सोमवार को कहा कि वृद्ध एवं विकलांग यात्रियों की मदद के लिए जल्द ही देश के प्रमुख स्टेशनों पर ‘यात्री मित्र सेवा’ शुरू की जाएगी।

रेलवे की ओर से जारी किए गए वक्तव्य के अनुसार, “वृद्ध एवं विकलांग यात्रियों की सहायता के लिए रेल मंत्रालय ने व्हीलचेयर एवं कुली की बुकिंग के लिए यात्री मित्र सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है।”

रेलवे के अनुसार, आईआरसीटीसी देश के प्रमुख स्टेशनों पर यह सेवा मुहैया कराएगी।

वक्तव्य में कहा गया है, “यात्री मित्र या तो सहायक हो सकते हैं या आईआरसीटीसी द्वारा नियुक्त कोई व्यक्ति हो सकता है या आईआरसीटीसी द्वारा इस कार्य के लिए नियुक्त कोई सेवा प्रदाता हो सकता है।”

वक्तव्य में कहा गया है कि नई सेवा के लिए आईआरसीटीसी की वेबसाइट से बुकिंग की जा सकती है या 139 पर एसएमएस के जरिए भी बुकिंग किया जा सकेगा।

रेलवे ने कहा है कि यात्री इस सुविधा का लाभ एक मोबाइल एप के जरिए भी उठा सकेंगे, जिसे सीआरआईएस द्वारा विकसित किया जा रहा है।

आईआरसीटीसी गैर सरकारी संगठनों, धर्मार्थ न्यासों या सार्वजनिक उपक्रमों की मदद से कारपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी के तहत यह सुविधा निशुल्क उपलब्ध करा सकता है।

हालांकि वक्तव्य में आगे यह भी कहा गया है कि यदि आईआरसीटीसी यह सेवा किन्ही कारणों से निशुल्क देने में असमर्थ रहता है तो शुल्क लेकर यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

यात्री मित्र दिव्यांग, बीमार और वृद्ध व्यक्तियों को व्हीलचेयर एवं कुली सेवाएं उपलब्ध कराएगा।

बयान में कहा गया है कि जहां यह सेवा उपलब्ध है, ऐसे हर स्टेशन के लिए एक समर्पित मोबाइल नंबर सेवा प्रदाता/आईआरसीटीसी द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा, जिसे आईआरसीटीसी ई-टिकटिंग वेबसाइट और भारतीय रेलवे के जोनल वेबसाइट पर प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि यात्री मित्र की बुकिंग में मदद मिल सके। यात्री मित्र की बुकिंग होने पर एसएमएस के जरिए इसकी जानकारी दी जाएगी।

बयान के अनुसार, रेलगाड़ी के आने पर यात्री मित्र यात्री के कोच के पास जाकर उसे नमस्कार करके उसे मोबाइल संदेश दिखाएगा। यात्री के निर्देश पर वह उसका सामान उठाएगा और उसे व्हीलचेयर पर बैठने में मदद करेगा और उसे वांछित निकास द्वार या हस्तांतरण के मामले में अन्य प्लेटफार्म पर छोड़ कर आएगा। यह सेवा प्रमुख स्टेशनों पर उपलब्ध होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493