रेल नेटवर्क में अग्रणी राज्यों में शुमार होगा ओडिशा

भुवनेश्वर, 20 दिसम्बर (आईएएनएस)। ओडिशा को अगले 25 सालों में देश का एक प्रमुख औद्योगिक गढ़ बनाने की सोच के साथ भारतीय रेल राज्य में रेल नेटवर्क का विस्तार करने की एक कार्ययोजना बनाएगा।

राज्य की रेल परियोजना की एक समीक्षा बैठक के बाद रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने रविवार को कहा कि नेटवर्क से कटे हुए जिलों को तवज्जो दिया जाएगा।

सिन्हा ने पूर्व तटीय रेल के अधिकारियों के साथ यहां हुई एक बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, “ओडिशा में बेहतर रेल सेवा देने के लिए अवसंरचना विकास की एक कार्ययोजना आने वाले कुछ दिनों में बनाई जाएगी।”

सिन्हा ने कहा कि स्थानीय लोगों की इच्छा को प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने कहा, “भारतीय रेल ओडिशा में रेल नेटवर्क का विस्तार कर देश में इस मामले में एक सर्वोत्तम राज्य बनाने की कोशिश कर रहा है।”

उन्होंने कहा कि गत दो साल के रेल बजट में राज्य को तवज्जो दी गई है और इस साल के रेल बजट में भी राज्य को तवज्जो दी जाएगी।

इस दौरान केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने कहा कि अगले रेल बजट में कई ऐसे प्रस्ताव लाए जा रहे हैं, जो राज्य में उनके पिछले दौरे में उन्हें मिले थे।

इस बीच ओडिशा कांग्रेस इकाई ने भुवनेश्वर, कटक और पुरी को जोड़ने वाली मेट्रो रेल परियोजना की मांग की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493