यहां ओवरब्रिज बनने के बाद राज्य सरकार और रेलवे के बीच हुए करार के तहत रेलवे ने क्रॉसिंग बंद कर दिया है, जिससे आक्रोशित लोगों ने क्रॉसिंग पर गोदिया एक्सप्रेस को रोक कर रेल पटरी पर धरना देना शुरू कर दिया था। वहां पहुंचा प्रशासन धरने में मौजूद महिलाओं की संख्या देखकर बल प्रयोग नहीं कर सका था। परिणामस्वरूप अप गोदिया एक्सप्रेस लगभग पौने तीन घंटा रुकी रही थी। इस वजह से डाउन पवन एक्सप्रेस का सिटी रेलवे स्टेशन पर प्रशासन को रोकना पड़ा था।
तीन घंटे चले रेल पटरी के धरने ने उतनी देर तक औड़िहार-छपरा रेल लाइन को बाधित कर दिया था, जिससे कई ट्रेनों को अन्य स्टेशनों पर रोकना पड़ा। इसे देखते हुए रेलवे के अधिकारियों ने अब आरपीएफ चौकी में धरना देने वाले पांच सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ रेलवे एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया है। चौकी प्रभारी इंद्रजीत यादव ने मुकदमा दर्ज किए जाने की पुष्टि की है।
रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी रेल पटरी पर धरना देने वालों के नाम जुटाने में लगे हैं।
dharmpath.com dharmpath