रेल सेवाएं दूसरे दिन भी प्रभावित, 10 गाड़ियां रद्द

भोपाल, 18 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में पश्चिम मध्य रेलवे के इटारसी जंक्शन के रूट रिले इंटरलॉकिंग (आरआरआई) सिग्नल सिस्टम में बुधवार को लगी आग के कारण गुरुवार को दूसरे दिन भी यहां रेल यातायात प्रभावित है। कई रेलगाड़ियां जहां परिवर्तित मार्ग से चलाई जा रही हैं, वहीं गुरुवार को 10 यात्री गाड़ियां रद्द रहेंगी।

इटारसी जंक्शन के आरआरआई में बुधवार की सुबह आग लग गई थी। आग पर लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया गया। इससे दिल्ली-मुम्बई मार्ग पर रेल यातायात प्रभावित हुआ है, क्योंकि आरआरआई के जरिये ही गाड़ियों की आवाजाही निर्धारित होती है। कई गाड़ियां घंटों की देरी से चल रही हैं।

पश्चिम मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया है कि इटारसी के आरआरआई में लगी आग के बाद रेल सेवा में सुधार के प्रयास जारी हैं।

इटारसी अग्निकांड के चलते गुरुवार को गाड़ी संख्या 12160 जबलपुर-अमरावती एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 12061 हबीबगंज-जबलपुर जनशताब्दी एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 12159 अमरावती-जबलपुर एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 11472 जबलपुर-इंदौर ओवर नाईट एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 11471 इंदौर-जबलपुर ओवर नाईट एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 12062 जबलपुर-हबीबगंज जनशताब्दी एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 22187 हबीबगंज-जबलपुर इंटरसिटी, गाड़ी संख्या 22188 जबलपुर-हबीबगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 11271 इटारसी-भोपाल विंध्याचल एक्सप्रेस एवं गाड़ी संख्या 11272 भोपाल-इटारसी विंध्याचल एक्सप्रेस रद्द रहेंगी। वहीं गाड़ी संख्या 18237 बिलासपुर-अमृतसर एक्सप्रेस अपने निर्धारित मार्ग के बजाए शहडोल-कटनी मुड़वारा-मालखेड़ी-आगासोद-झांसी मार्ग से जाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493