कटनी– रीवा से भोपाल जाने वाली रेवांचल एक्सप्रेस में एक फर्जी टीटी पकड़ा गया है। बताया जा रहा है कि यात्रियों ने ही आरोपी को जनरल बोगी में अवैध वसूली करते हुए पकड़ा। इसके बाद उसे कटनी जीआरपी के हवाले कर दिया गया है। रेलवे पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है।
ट्रेन में यात्रा कर रहे रीवा के हरिहरपुर निवासी अभिषेक तिवारी ने बताया कि वह शनिवार रात को रेवांचल एक्सप्रेस की जनरल बोगी में बैठकर भोपाल जा रहे थे। इसी दौरान आरोपी बोगी में आया। उसने फर्जी आईडी कार्ड दिखाते हुए खुद को टीटी बताया और यात्रियों की टिकट चेक करने लगा।
अभिषेक ने बताया कि आरोपी नशे की हालत में था और जनरल बोगी में लोगों से टिकट न होने की एवज में पैसे वसूल रहा था। वह काफी लोगों से पैसे वसूल भी चुका था। संदेह होने पर यात्रियों ने उसे पकड़कर पूछताछ शुरू की तो वह घबरा गया। इसी दौरान ट्रेन में मौजूद जीआरपी कर्मचारियों को बुलाकर युवक को सौंपा गया। फिलहाल आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है।
आरोपी के पास से कई यात्रियों से लिए गए रुपए भी जब्त किए गए हैं, जिन्हें यात्रियों को लौट दिया गया है। कटनी जीआरपी युवक को अपने साथ ले गई है और उससे पूछताछ की जा रही है। रीवा रेलवे पुलिस के टीआई आरएस ठक्कर ने मीडिया को बताया मामला संज्ञान में आया है। जांच करेंगे और कटनी जीआरपी से मामले की जानकारी लेकर कार्रवाई करेंगे।
dharmpath.com dharmpath