चेन्नई, 14 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने सोमवार को कहा कि आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा रॉकेट प्रक्षेपण केंद्र से सिंगापुर के छह उपग्रहों को अंतरिक्ष में स्थापित करने के लिए एक भारतीय रॉकेट के छोड़े जाने की 59 घंटे की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।
इसरो ने कहा कि उलटी गिनती सोमवार सुबह सात बजे शुरू हुई।
इसरो की मिशन रेडीनेस रिव्यू कमेटी और लांच अथराइजेशन बोर्ड ने 16 दिसंबर के सुबह छह बजे रॉकेट छोड़े जाने की हरी झंडी दे दी है।
इसरो ने कहा कि यह पूरी तरह एक वाणिज्यिक लांचिंग है, जिसमें सिंगापुर के छह उपग्रह अंतरिक्ष में स्थापित किए जाएंगे, जिससे एजेंसी को आय होगी। एजेंसी ने हालांकि इस अभियान से होने वाली आय का खुलासा नहीं किया है।
पीएसएलवी रॉकेट के साथ जाने वाले उपग्रहों में सबसे प्रमुख है पृथ्वी अवलोकन उपग्रह ‘टेलिओस-1’। इसलिए इसरो ने इस अभियान का नाम टेलिओस अभियान रखा है।
अन्य पांच उपग्रहों में शामिल हैं : वेलॉक्स-सी1 (123 किलोग्राम), वेलॉक्स-2 (13 किलोग्राम), केंट रिज-1 (78 किलोग्राम), गलासिया (3.4 किलोग्राम) और एथेनॉक्सेट-1।
इसरो का 2015 में यह अंतिम रॉकेट प्रक्षेपण अभियान होगा।
इस वर्ष इसरो ने श्रीहरिकोटा से कुल 14 उपग्रह छोड़े हैं, जिनमें तीन भारतीय और 11 विदेशी हैं।
dharmpath.com dharmpath